झारखंड सांसद सुखदेव भगत ने संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की, मीडिया वार्ता के दौरान नारेबाजी से बढ़ा विवाद
ब्यावर: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत झारखंड के सांसद एवं कांग्रेस जिला पर्यवेक्षक सुखदेव भगत शनिवार को ब्यावर जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जिलाध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी की और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की।
कार्यक्रम अजमेर रोड स्थित होटल ग्रांड गीता में आयोजित किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने भगत का गर्मजोशी से स्वागत किया। हालांकि मीडिया वार्ता से पहले तब हंगामा खड़ा हो गया जब भगत ने केवल सूची में शामिल लोगों को ही अंदर रहने की अनुमति दी और बाकी से बाहर जाने को कहा। इससे नाराज़ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
हंगामे के बाद भगत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित पार्टी है और पार्टी की विचारधारा को और मज़बूत बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “कार्यकर्ता किसी व्यक्ति के साथ नहीं, बल्कि पार्टी के साथ खड़े हों — यही कांग्रेस की असली ताकत है।”
बैठक के दौरान भगत ने सभी से संभावित नामों पर रायशुमारी की और संगठन को एकजुट करने की अपील की।
इस मौके पर पूर्व विधायक सुदर्शन सिंह रावत, राकेश पारीक, रामचंद्र चौधरी, पारस पंच, अजय शर्मा, राम यादव, कैलाश गहलोत, भूपेंद्रपाल पंवार, कमला दगदी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।