राजस्थान के डीडवाना थाना परिसर में शारदीय नवरात्रि के मौके पर एक अनूठा धार्मिक कार्यक्रम हुआ, जिसमें पुलिसकर्मियों और आमजन ने मिलकर मां दुर्गा से अमन-चैन की प्रार्थना की।
डीडवाना: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर डीडवाना पुलिस थाना परिसर में एक अलग तरह का धार्मिक आयोजन हुआ। मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना के साथ यहां हवन यज्ञ संपन्न कराया गया। थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में इंद्र बाईसा खुड़द माताजी मंदिर के महंत महेंद्रसिंह और पुजारी स्वेश्वर व्यास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की शुरुआत की।
थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो सामाजिक व धार्मिक अवसरों पर अनोखी पहल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पहले भी अंग्रेज़ी नववर्ष पर शराब की जगह दूध पिलाकर नशामुक्ति का संदेश दिया था, होली पर संगीत संध्या और वाल्मीकि समाज को थाने में भोजन जैसे आयोजन किए थे। नवरात्रि पर आयोजित यह हवन यज्ञ भी आपसी भाईचारे और पुलिस-जनता के रिश्ते को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया एक और कदम है।
इस दौरान पुलिस स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने यज्ञ में आहुति देकर शहर, देश और विश्व में शांति और भाईचारे की कामना की।