बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। ‘राजश्री पान मसाला’ के कथित भ्रामक विज्ञापन और कोर्ट की अवमानना के मामले में जिला उपभोक्ता आयोग, जयपुर ने सख्त रुख अपनाते हुए सलमान खान को शुक्रवार को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। आयोग ने जयपुर पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए हैं कि अभिनेता को जमानती वारंट के माध्यम से कोर्ट में पेश कराया जाए।
क्या है ‘केसर युक्त इलायची’ विवाद?
यह मामला योगेंद्र सिंह द्वारा दायर अवमानना याचिका से जुड़ा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि सलमान खान ‘केसर युक्त इलायची’ के नाम पर वास्तव में पान मसाले का भ्रामक विज्ञापन कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा है। जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष ग्यारसीलाल मीणा ने 6 जनवरी को इस विज्ञापन के प्रचार-प्रसार पर अंतरिम रोक लगाई थी। इसके बावजूद राजस्थान के कई हिस्सों में विज्ञापन प्रसारित होते पाए गए। आयोग ने इसे अपने आदेशों की खुली अवहेलना और कोर्ट की गरिमा के खिलाफ माना है।

पुलिस को सख्त निर्देश
आयोग ने जयपुर पुलिस कमिश्नर को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वारंट की तामील हर हाल में सुनिश्चित की जाए। आयोग का कहना है कि कोर्ट के आदेशों की अनदेखी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पहले भी आ चुके हैं कोर्ट के रडार पर
यह पहली बार नहीं है जब सलमान खान विज्ञापनों को लेकर राजस्थान की अदालतों के रडार पर आए हों। इससे पहले कोटा उपभोक्ता आयोग ने भी उन्हें तलब किया था, हालांकि उस समय राज्य उपभोक्ता आयोग से उन्हें अस्थायी राहत मिल गई थी। लेकिन इस बार मामला अवमानना से जुड़ा होने के कारण कानूनी संकट और गंभीर माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सलमान खान कोर्ट के समक्ष पेश होते हैं या इस मामले में आगे क्या कानूनी रुख अपनाया जाता है।
यह भी पढ़ें: खेजड़ी को बचाने के लिए कानून, सदन में क्या-क्या बोले CM भजनलाल शर्मा, जानें 10 बड़ी बातें