बिहार को पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री मिल गया है। सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बिहार की नई सरकार में JDU से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने भी शपथ ली। दोनों को डिप्टी CM बनाया गया.
नीतीश मॉडल पर चलेगा बिहार
विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि बिहार में किस मॉडल पर सरकार चलेगी, इस सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि नीतीश मॉडल ही जारी रहेगा। उन्होंने तर्क दिया कि इस मॉडल में भारतीय जनता पार्टी भी पहले से शामिल रही है, इसलिए इसमें कोई बदलाव या भ्रम की स्थिति नहीं है। बिहार का मॉडल किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें नीतीश कुमार, भाजपा और अन्य सहयोगी दलों की संयुक्त भूमिका रही है।
सम्राट चौधरी को PM नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी
सम्राट चौधरी को PM नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है। पीएम मोदी ने X पर लिखा, ‘बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं! उनकी ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।’