जयपुर के RADO शोरूम में लग्जरी घड़ियों की शटर तोड़कर चोरी

2 Min Read

जयपुर से इस समय बड़ी चोरी की खबर सामने आई, टोंक रोड पर ग्लास फैक्ट्री के पास स्थित लग्जरी घड़ियों के राडो शोरूम में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश रात के अंधेरे में शोरूम का शटर तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी महंगी घड़ियां चोरी कर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार तड़के करीब 4 बजे, 5 से 7 बदमाश राडो शोरूम के पास पहुंचे। बदमाशों ने लोहे की रॉड की मदद से शोरूम का शटर तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने शोरूम में रखी कीमती घड़ियों को इकट्ठा किया और कुछ ही मिनटों में चोरी करके मौके से फरार हो गए। सुबह जब राडो शोरूम कर्मचारी वहां पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला। इसके बाद शोरूम में चोरी होने की जानकारी सामने आई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने FSL टीम की मदद से वारदात स्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। मौके से बदमाशों द्वारा इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।पुलिस अब राडो शोरूम और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। CCTV फुटेज में 5 से 7 बदमाश दिखाई दे रहे हैं, जो शोरूम का शटर तोड़कर अंदर जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल चोरी हुई घड़ियों की सही संख्या और उनकी कुल कीमत की जानकारी सामने नहीं आई है। राडो शोरूम के मालिक की ओर से चोरी हुए सामान का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद ही चोरी की कुल कीमत का पता चल पाएगा।पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने बहुत कम समय में पूरी वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और मौके से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *