मां के निधन पर टिप्पणी से संवेदनाओं पर सवाल, दूसरी तरफ BJP की हैट्रिक रोकने के लिए PDA की रणनीति तेज… क्या UP ELECTION 2027 में योगी फिर सत्ता में लौटेंगे या अखिलेश करेंगे वापसी?

सियासत में चुनाव सिर्फ मुद्दों पर नहीं लड़े जाते… कभी चेहरे मायने रखते हैं, कभी जातीय समीकरण और कभी जनता की भावनाएं भी चुनावी माहौल को प्रभावित करती हैं। लेकिन जब बात एक मां को खोने के दुख की हो, तो सवाल सिर्फ राजनीति का नहीं, इंसानियत का भी होता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी को खो दिया। 91 साल की उम्र में मां के निधन के बाद योगी आदित्यनाथ की भावुक तस्वीरें सामने आईं। मां की पार्थिव देह को कंधा देते योगी, अंतिम विदाई के वक्त उनकी आंखों में नमी और सोशल मीडिया पर लिखा गया एक छोटा सा संदेश— मां… ॐ शांति।
एक तरफ निजी जीवन का यह गहरा दुख है, तो दूसरी तरफ कुछ ही महीनों बाद उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने वाली है। इसी बीच योगी को लेकर कुछ ऐसी टिप्पणियां सामने आईं, जिनमें उनके मां के निधन को चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा गया।
सवाल उठता है कि किसी नेता के निजी दुख पर इस तरह की टिप्पणी करना कितना उचित है? क्या राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन संवेदनाएं भी खत्म हो जानी चाहिए? बात किसी राजनीतिक दल को समर्थन देने की नहीं, बल्कि इंसानियत के नाते संवेदनशीलता दिखाने की है।
वहीं दूसरी तरफ यूपी की राजनीति में विपक्षी दलों के बीच बैठकों, रणनीतियों और नए समीकरणों का दौर जारी है। 2027 का चुनाव धीरे-धीरे आकार लेने लगा है। बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है, तो अखिलेश यादव PDA के सहारे सत्ता में लौटने का सपना देख रहे हैं। मायावती अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाश रही हैं और ओवैसी से लेकर चंद्रशेखर आजाद तक नए समीकरण बनाने में जुटे हैं।
योगी आदित्यनाथ का संन्यास के बाद परिवार से सार्वजनिक जीवन में सीमित जुड़ाव रहा है। बावजूद इसके, मां के प्रति उनका भावनात्मक रिश्ता हमेशा चर्चा में रहा। अंतिम विदाई के दौरान सामने आई तस्वीरों ने मुख्यमंत्री के एक ऐसे पक्ष को दिखाया, जो आमतौर पर सत्ता और सियासत की तस्वीरों के पीछे छिपा रहता है।
लेकिन चुनावी मुकाबला सिर्फ बीजेपी तक सीमित नहीं है।
योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी बूथ प्रबंधन, मंत्रियों के क्षेत्रीय प्रवास और कमजोर सीटों पर विशेष रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी की कोशिश है कि सरकार की योजनाओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जनता के बीच पहुंचा जाए और तीसरी बार सत्ता हासिल करने का रास्ता मजबूत किया जाए।
दूसरी तरफ अखिलेश यादव PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के फॉर्मूले को मजबूत करने में जुटे हैं। PDA रथ यात्रा, दलित सम्मेलन और नए सामाजिक समीकरणों के जरिए समाजवादी पार्टी अपनी चुनावी जमीन तैयार कर रही है। लेकिन अखिलेश के सामने चुनौती सिर्फ बीजेपी नहीं है।
मुस्लिम वोट बैंक को लेकर सपा की चिंता भी बढ़ती दिख रही है। आजम खान और असदुद्दीन ओवैसी के बीच हैदराबादी बिरयानी और रामपुरी पुलाव से शुरू हुई बयानबाजी अब मुस्लिम राजनीति में नेतृत्व की लड़ाई का रूप लेती दिखाई दे रही है। ओवैसी की सक्रियता और चंद्रशेखर आजाद के साथ तीसरे मोर्चे की कवायद PDA के मुस्लिम और दलित समीकरण के सामने नई चुनौती खड़ी कर सकती है।
इधर मायावती भी खामोश नहीं हैं। आकाश आनंद को आगे करके उम्मीदवारों की घोषणा और दलित वोट बैंक को दोबारा जोड़ने की कोशिश जारी है। बसपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने पारंपरिक वोट बैंक को सपा और चंद्रशेखर आजाद की तरफ जाने से रोकना है।
और फिर हैं राजा भैया। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के जरिए 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का दावा और क्षत्रिय-सवर्ण मतदाताओं के बीच संगठन विस्तार की कोशिशें बीजेपी के लिए भी कुछ सीटों पर चुनौती बन सकती हैं। हालांकि बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है।
यानी उत्तर प्रदेश में 2027 की लड़ाई कई मोर्चों पर लड़ी जानी है। कहीं जातीय समीकरण हैं, कहीं मुस्लिम और दलित वोटों की लड़ाई, कहीं संगठन की ताकत है, तो कहीं गठबंधन का गणित।
फिलहाल उत्तर प्रदेश की जनता के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 में सत्ता की कुर्सी पर कौन बैठेगा—योगी आदित्यनाथ की हैट्रिक या अखिलेश यादव की वापसी?