एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मुकाबले अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गए हैं। गुरुवार को अबू धाबी में खेले गए मैच में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को हराकर सुपर-4 में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश की किस्मत भी चमक गई और वह भी अगले राउंड में पहुंच गया। वहीं, ग्रुप-ए से भारत और पाकिस्तान पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं।
मैच में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 169 रन बनाए। श्रीलंका को सुपर-4 में जगह बनाने के लिए 101 रन बनाने थे और टीम ने यह लक्ष्य पार करने के साथ-साथ 19वें ओवर में मैच भी जीत लिया। अगर श्रीलंका मैच हारता, तो रन रेट के आधार पर अफगानिस्तान आगे बढ़ जाता और बांग्लादेश बाहर हो जाता। लेकिन श्रीलंका की लगातार तीसरी जीत ने अफगानिस्तान को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
भारत और ओमान का एक मैच बाकी है। यह मुकाबला आज अबू धाबी में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने अगले राउंड में एंट्री कर ली है, टीम अगर आज हार भी गई तो शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा। सुपर-4 में अब क्रिकेट फैंस को हाई-वोल्टेज मुकाबलों का इंतज़ार है। भारत और पाकिस्तान की टक्कर 21 सितंबर को दुबई में होगी। इसके बाद भारतीय टीम 24 सितंबर को बांग्लादेश और 26 सितंबर को श्रीलंका से भिड़ेगी। वहीं, इस चरण की टॉप-2 टीमें 28 सितंबर को दुबई में खिताबी जंग खेलेंगी।