आहोर उपखंड के भूति गांव में पुरानी रंजिश के चलते हमला, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया; आरोपियों पर पहले से भी मारपीट के मुकदमे दर्ज
आहोर: उपखंड के भूति गांव में मंगलवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान एक व्यक्ति के सिर में गहरी चोट आई है। घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार पुत्र मोहनलाल माली ने बताया कि उनकी मां शांति देवी (58) अपने भूति स्थित प्लॉट पर जा रही थीं, तभी गांव के ही विराराम पुत्र फुलाजी और भूपेंद्र पुत्र विराराम माली हथियार लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया।
शांति देवी के शोर मचाने पर उनके पति मोहनलाल (59) और पुत्र विनोद कुमार (27) मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने दोनों पर भी हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मोहनलाल के सिर में गहरी चोट लगने से वे लहूलुहान हो गए। परिवारजनों ने घायलों को तत्काल आहोर अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है और उन पर पहले भी मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद उन्होंने फिर हमला कर दिया।
पीड़ितों ने बताया कि घटना की सूचना 112 और 100 नंबर पर दी गई, लेकिन पुलिस देर से मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।