नागौर: मेड़ता विधानसभा क्षेत्र के विधायक लक्ष्मण राम कलरु ने आज सुबह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक ने मुख्यमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र की जनसमस्याओं, विकास कार्यों तथा किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
विधायक कलरु ने विशेष रूप से हाल ही में हुई अतिवृष्टि से फसलों के नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री शर्मा ने शीघ्र राहत राशि जारी करने का आश्वासन दिया और कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
बैठक में मेड़ता सिटी कृषि उपज मंडी के विस्तार और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे के विकास पर भी सार्थक चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
विधायक कलरु ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि वे मेड़ता क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।