विद्याधर नगर में आयोजित कार्यक्रम में दिया कुमारी ने मेजर दलपत सिंह स्मृति शिक्षण संस्थान का भी अनावरण किया
जयपुर: राजस्थान की धरती के वीर सपूत हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह के बलिदान दिवस पर आज रावना राजपूत भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भाग लिया और मेजर साहब को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा,“मेजर दलपत सिंह का बलिदान केवल इतिहास नहीं, बल्कि एक प्रेरणा है। उन्होंने इजराइल के हाइफा शहर को आजादी दिलाकर न सिर्फ भारत, बल्कि राजस्थान का नाम विश्वपटल पर गौरवान्वित किया।” दिया कुमारी ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में शहीदों और महापुरुषों के सम्मान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिससे नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना और इतिहास के प्रति सम्मान बढ़ रहा है।
उन्होंने युवाओं, बच्चों, महिलाओं और गरीबों को मुख्य धारा में जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह स्मृति शिक्षण संस्थान का अनावरण किया। महिलाओं ने 51 किलो की माला पहनाकर दिया कुमारी का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में संयोजक रणजीत सिंह, मोहन सिंह हाथोज, गुमान सिंह जोधा, गिरवर सिंह शेखावत, श्याम सिंह चोहान और महिपाल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।