51.20 ग्राम स्मैक बरामद, करीब ₹10 लाख कीमत — मुख्य तस्कर किशन मीना गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
धौलपुर: पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में बाड़ी कोतवाली थाना पुलिस ने 3 अक्टूबर 2025 को यह कार्रवाई की।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बत्तीपुरा गांव के पास सुनसान रास्ते पर नाकाबंदी की हुई थी, जब एक बिना नंबर की हीरो स्पलेंडर बाइक पर युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तुरंत पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम किशन मीना (25) निवासी गांव कोयला, थाना बाड़ी सदर, जिला धौलपुर बताया। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से 51.20 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹10 लाख बताई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 NDPS एक्ट में मुकदमा संख्या 373/2025 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी जब्त कर ली है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल किशोर जांगिड़ (RPS) और वृत्ताधिकारी महेंद्र कुमार मीना के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई, जबकि टीम का नेतृत्व थानाधिकारी अमित कुमार (उप निरीक्षक) ने किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मादक पदार्थों की सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।