डीडवाना: पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे से डीडवाना और आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो लगातार जारी है। आसमान पर काले बादलों ने डेरा डाला हुआ है और मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बारिश जारी रहने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश से डीडवाना शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। सीवरेज ओवरफ्लो होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड और फाउंटेन सर्किल जैसे मुख्य मार्गों पर पानी जमा होने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है।
वहीं, खेतों में खड़ी फसलों पर भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। किसानों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही है, क्योंकि देर से आई बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।