बाल्मीकि बस्ती और कालबेलिया-वन बागरिया परिवारों के बीच पहुंची पुलिस टीम, दीपक और खाद्य सामग्री वितरित कर मनाई दीपावली
अजमेर: समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए पीसांगन पुलिस ने इस बार दीपावली का पर्व खास अंदाज में मनाया। थानाधिकारी प्रहलाद सहाय अपनी टीम के साथ सेठन और अखेपुरा स्थित बाल्मीकि बस्ती सहित कबिलाई जनजाति कालबेलिया और वन बागरिया परिवारों के डेरों पर पहुंचे और वहां दीपावली की खुशियां साझा कीं।
थानाधिकारी ने बच्चों को पटाखे, मिठाइयां, दीपक और खाद्य सामग्री वितरित की। इस दौरान एएसआई सुरेंद्र कुमार, रामपुरा डाबला प्रशासक सीमा चौधरी, बीट अधिकारी अनिल माली, राजेंद्र थांकण और धर्मासिंह रावत भी मौजूद रहे।
बच्चों और ग्रामीणों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाली इस पहल से पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था की रखवाली नहीं करती, बल्कि समाज की खुशियों में भी भागीदार बनती है।