राम-केवट प्रसंग और भरत की चरण पादुका का दृश्य दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
लक्ष्मणगढ़: शारदीय नवरात्र के अवसर पर लक्ष्मणगढ़ कस्बे के रामलीला मैदान में आयोजित दस दिवसीय रामलीला का चौथा दिन शनिवार रात मनमोहक रहा। इस दिन राम वनवास से लेकर भरत मिलाप तक की लीला का मंचन हुआ, जिसमें राम-केवट प्रसंग, भरत-कैकेयी संवाद और राम-भरत मिलाप जैसे करुणामय दृश्यों ने दर्शकों के दिलों को छू लिया।
विशेष रूप से, भरत की ओर से राम की चरण पादुका लेकर अयोध्या लौटने का दृश्य दर्शकों के लिए अत्यंत भावुक करने वाला रहा। मंचन की शुरुआत भगवान जगन्नाथ की आरती से हुई और मुख्य अतिथियों समाजसेवी रामगोपाल सुरोलिया, अंकित सुरोलिया, बैंक मैनेजर दिनेश रोहलन और समिति के सवाई सिंह चौहान ने शुभारंभ किया।
मंच संचालन मनोज पांडेय ने किया, जबकि चौपाइयों की मधुर प्रस्तुति विनय तमोली ने दी। रामलीला समिति के उपाध्यक्ष दीपक पांडे ने बताया कि आज 28 सितंबर रात्रि 9 बजे से सीता हरण से लेकर बाली वध तक की रोमांचक लीला का मंचन होगा। इसमें खर-दूषण वध, सीता की हठ, रावण द्वारा सीता हरण, राम-सुग्रीव मित्रता और बाली वध जैसे दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
दर्शकों ने इस अवसर पर रामलीला की प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया और नवरात्र के पर्व में इसका विशेष महत्व बताया।