दूदू के सावरदा पुलिया के पास हादसा — अवैध कट से मुड़े ट्रेलर ने सिलेंडर भरे ट्रक को मारी टक्कर, धमाकों से दहला इलाका
जयपुर: राजधानी जयपुर से अजमेर की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात भीषण हादसा हो गया। दूदू के सावरदा पुलिया के पास गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक को अवैध कट से टर्न लेते हुए एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई और गैस सिलेंडरों में तेज धमाके होने लगे, जिससे हाईवे पर भगदड़ मच गई।
आग इतनी भयानक थी कि हाईवे पर खड़ी सात गाड़ियां जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची, लेकिन धमाकों के चलते कुछ समय तक आग बुझाने का काम रोकना पड़ा। प्रशासन ने हाईवे को पूरी तरह सील कर यातायात डायवर्ट किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त धमाकों की आवाज़ करीब एक घंटे तक सुनाई देती रही। आसपास के गांवों के लोग भी दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। दूदू के एसडीएम सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।