राजस्थान के जैसलमेर के भीतरी इलाके भाटिया पाड़ा में रविवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की वारदात ने शहर में दहशत फैला दी। व्यापारी नवल भाटिया के घर में घुसे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी पत्नी दमयंती भाटिया को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया और हाथ-पांव टेप से बांधकर करीब 50 तोला सोना व लाखों रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे और सीओ सिटी रूप सिंह इंदा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आने के बाद पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई।
पीड़िता दमयंती भाटिया ने बताया कि जैसे ही वह कमरे से बाहर आईं, बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर की अलमारियों में रखे कीमती जेवरात और नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद मोहल्ले में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पड़ोसियों के अनुसार, इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
इसी बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लूट के महज तीन घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को डिटेन किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन मुख्य आरोपियों की पहचान की गई थी, जिनके साथ कामवाली बाई और उससे जुड़े एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि बदमाश वारदात के बाद प्राइवेट बस के जरिए फरार हुए थे। पीड़िता के बेटे मयंक भाटिया ने पहले ही कामवाली बाई पर शक जताया था। पुलिस अब सभी से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा प्रेस वार्ता के माध्यम से किया जा सकता है।