‘रन फॉर यूनिटी’ रैलियों और कार्यक्रमों के साथ देशभर में गूंजा एकता का संकल्प, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित की
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आज राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्प अर्पित कर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति संकल्प दोहराया।श्रद्धांजलि के बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की सलामी ली। इस परेड की विशेषता रही कि सभी टुकड़ियों का नेतृत्व महिला अफसरों ने किया, जो देश की बदलती प्रशासनिक और सैन्य क्षमता का प्रतीक है।
परेड में BSF, CISF, ITBP, CRPF और सीमा सुरक्षा बल समेत 16 टुकड़ियों ने भाग लिया। इसके अलावा BSF के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के 16 पदक विजेता और CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता जवानों ने भी परेड में हिस्सा लेकर देश की वीरता का प्रदर्शन किया।
इस ऐतिहासिक आयोजन में 100 सदस्यीय हेराल्डिंग टीम, 9 बैंड टुकड़ियां, और 4 स्कूल बैंड्स ने भी अपने प्रस्तुतिकरण से देशभक्ति का माहौल बनाया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि “सरदार पटेल के योगदान से आज भारत एकजुट, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में विश्व मंच पर खड़ा है।”