योगी ने हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया

By admin
2 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान (13-15 अगस्त) का शुभारंभ किया। राष्ट्रभक्ति गीतों की धुनों के बीच उन्होंने अपने आवास से तिरंगा यात्रा को रवाना किया और इसका नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि आजादी के 78 वर्ष पूरे हो रहे हैं और इस अमृतकाल में हर भारतीय के मन में संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों, राष्ट्रीयता, क्रांतिकारियों और महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और सम्मान और गहरा होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा इसी भावना को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। तिरंगा यात्रा सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि भारत माता, महापुरुषों, क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यूपी में भी हर घर तिरंगा और सेल्फी विद तिरंगा अभियान से लोग जुड़ रहे हैं। तिरंगा देश और सैनिकों की आन-बान-शान का प्रतीक है और इसे हर घर में फहराना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत के शौर्य और सामर्थ्य को पूरी दुनिया ने देखा है। जब दुनिया इस पर आश्चर्य कर रही है, तब हर भारतीय का कर्तव्य है कि देश का सम्मान ऊंचा बनाए रखें। उन्होंने अपील की कि 140 करोड़ देशवासी अपने स्वार्थ छोड़कर राष्ट्रमाता के चरणों में समर्पित होकर हर घर पर तिरंगा लगाएं और आजादी के इस उत्सव में भाग लें।

योगी ने कहा कि सामाजिक एकता को तोड़ने और जाति, क्षेत्र, भाषा जैसे मुद्दों पर समाज को बांटने वालों को बेनकाब करना होगा। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए 2047 तक विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सामने रखते हुए सभी को विकसित और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लिए प्रयास करना चाहिए और इसे जीवन का मंत्र बनाना चाहिए।

समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, विधायक नीरज बोरा, जया देवी, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, उमेश द्विवेदी, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और भाजपा नेता नीरज सिंह मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *