भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Intensive Revision – SIR) को लेकर मंगलवार को जयपुर सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें जयपुर संभाग के सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, संभागीय आयुक्त और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि SIR अभियान का उद्देश्य हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके लिए बीएलओ को बेसिक ओरिएंटेशन देना जरूरी है ताकि जमीनी स्तर पर ही लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान हो सके। उन्होंने नगर निगमों में वार्ड स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित करने और वहां संजीदा कर्मियों की नियुक्ति पर जोर दिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी राजनीतिक दलों से समन्वय कर बूथ लेवल एजेंट्स की नियुक्ति शीघ्र की जाए। पोलिंग स्टेशनों के रेशनलाइजेशन का कार्य मतदाताओं की संख्या, पहुंच और मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पूरा किया जाएगा।
SIR अभियान के तहत प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी तेज़ी से चल रही है। 2 जुलाई को मास्टर ट्रेनर्स, डिप्टी डीईओ और पीआरओ को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया। 3 से 15 जुलाई के बीच बीएलओ को छोटे बैचों में ट्रेनिंग दी गई। 16, 18 और 21 जुलाई को 271 मास्टर ट्रेनर्स को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।