रींगस से लौटने के बाद रेलवे ट्रेक पर हुई आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी — मृतक की पहचान जेता की ढाणी निवासी कमलेश जाट के रूप में हुई
श्रीमाधोपुर: जिले के श्रीमाधोपुर रेलवे कॉरिडोर ट्रेक पर देर रात एक युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को राजकीय अस्पताल श्रीमाधोपुर की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचित किया।
मृतक की पहचान जेता की ढाणी निवासी कमलेश जाट के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कमलेश अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कार्यरत था। रविवार रात परिजन उसे रींगस स्टेशन तक छोड़कर ट्रेन में बैठाकर लौट आए थे, लेकिन देर रात वह किसी कारणवश वापस आ गया और श्रीमाधोपुर रेलवे स्टेशन के पास कॉरिडोर ट्रेक पर मालगाड़ी के सामने आकर आत्महत्या कर ली।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर सुपुर्द कर दिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। थाना श्रीमाधोपुर के हैडकांस्टेबल बनवारीलाल ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।