बजरंगगढ़ सेवा समिति के तत्वावधान में हुआ आयोजन, महाआरती के बाद भक्तों में वितरित हुआ अन्नकूट प्रसाद
नागौर: जिले के रियांबड़ी उपखंड मुख्यालय स्थित पहाड़ी पर बने बजरंगगढ़ बालाजी मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। बजरंगगढ़ सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मंदिर परिसर में बालाजी महाराज का विशेष श्रृंगार किया गया और पुजारी द्वारा महाआरती कर अन्नकूट प्रसाद का भोग लगाया गया। इस अवसर पर शहर में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। बाद में श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बजरंगगढ़ सेवा समिति के अध्यक्ष जगदीश राठी ने समिति की वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। वहीं भामाशाह भंवरलाल बांगड़ ने मंदिर परिसर में डोम लगवाने की घोषणा की। समिति सदस्यों ने भामाशाह का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर श्याम सुंदर रुणवाल, रामप्रसाद सोनी, रामकिशोर तिवाड़ी, दीपेंद्र सिंह, मिठूलाल सोनी, प्रणव सोनी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।