ग्राम पंचायत बराला की दो बहनों की सफलता से गांव में जश्न, ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर किया स्वागत
बस्सी (जयपुर ग्रामीण): ग्राम पंचायत बराला की दो बहनों ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शीलू धाभाई, पुत्री मदनलाल धाभाई, ने परीक्षा में दूसरी रैंक, जबकि उनकी बहन नीतू धाभाई, पुत्री नन्दलाल धाभाई, ने छठी रैंक प्राप्त की है।
दोनों बहनों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खबर मिलते ही बराला गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर और फूलमालाएं पहनाकर दोनों का जोरदार स्वागत किया। गांव में जश्न का माहौल बन गया और सोशल मीडिया पर भी बधाइयों की बाढ़ आ गई।
परिवार के सदस्यों ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है।