धौलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्मैक तस्कर और अवैध हथियार रखने वाला गिरफ्तार

By admin
3 Min Read

6.70 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और 315 बोर का अवैध कट्टा जब्त, दो आरोपियों पर मामला दर्ज

धौलपुर: पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध गतिविधियों की रोकथाम अभियान के तहत बाड़ी कोतवाली थाना पुलिस ने 2 अक्टूबर 2025 को दो बड़ी कार्रवाइयाँ करते हुए स्मैक तस्कर और अवैध हथियार रखने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से 6.70 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और 315 बोर का अवैध कट्टा जब्त किया है।

स्मैक तस्कर गिरफ्तार

थानाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम निर्माणाधीन जिला अस्पताल बाड़ी के सामने गश्त पर थी, तभी पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

तलाशी लेने पर उसके काले पजामे की जेब से प्लास्टिक की थैली बरामद हुई, जिसमें 6.70 ग्राम स्मैक (हेरोइन) थी। आरोपी की पहचान अनिल पुत्र रामसहाय पोसवाल (उम्र 23 वर्ष), निवासी गूजरपाड़ा, बाड़ी के रूप में हुई।

स्मैक रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

टीम में शामिल अधिकारी: पुलिस निरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल दयालचंद, हेड कांस्टेबल रामधन, कांस्टेबल सूरज और चालक अलखसिंह।

अवैध कट्टा बरामद

उसी दिन एएसआई श्याम सुंदर की अगुवाई में गश्त के दौरान कासोटी खेड़ा रोड कब्रिस्तान के पास मुखबिर की सूचना पर एक युवक को पकड़ा गया।

उसकी पहचान रिषीकेश पुत्र भभूती सिंह (उम्र 25 वर्ष), निवासी बिजे का पुरा थाना नादनपुर, हाल निवासी गुर्जर कॉलोनी गुम्मट बाड़ी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा मिला।

लाइसेंस या परमिशन न होने पर पुलिस ने कट्टा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

टीम में शामिल अधिकारी: एएसआई श्याम सुंदर, कांस्टेबल ओमप्रकाश (481) और कांस्टेबल आमिर (62)।

आगे की कार्रवाई

गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अवैध स्मैक और हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल नेटवर्क की जाँच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज कैलाश बिश्नोई और पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ) कमल किशोर जांगिड़ और वृताधिकारी बाड़ी महेन्द्र कुमार मीना की सुपरविजन में की गई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *