ब्यावर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी सर्किल और शास्त्री सर्किल पर अर्पित किए पुष्प, महापुरुषों के सिद्धांतों पर चलने का लिया संकल्प
ब्यावर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा के साथ दोनों महान विभूतियों को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत चांग गेट स्थित गांधी सर्किल से हुई, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर फूलमाला चढ़ाकर उन्हें नमन किया गया।
इसके बाद कांग्रेसजन शहर के उदयपुर रोड स्थित शास्त्री सर्किल पहुंचे और शास्त्री जी की प्रतिमा पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान “महात्मा गांधी ज़िंदाबाद”, “कांग्रेस पार्टी ज़िंदाबाद” और “जय जवान, जय किसान” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने गांधी और शास्त्री जी के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके बताए मार्ग — सत्य, अहिंसा और सादगी — पर चलने की प्रेरणा ली।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष अशोक रांका, पूर्व विधायक माणक डाणी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।