रेल मंत्रालय द्वारा आयोजित 16वें रोजगार मेले के तहत अजमेर के विशिष्ट प्रशिक्षण संस्थान में भव्य समारोह आयोजित हुआ, जिसमें जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
इस अवसर पर देशभर के 51,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित किया और उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने इस पहल को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम बताया और कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल नौकरी नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रेलवे और प्रशासन के अधिकारी, नव-नियुक्त अभ्यर्थियों के परिजन और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।