अजमेर: मांगलियावास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टैंकरों से तेल चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन जब्त किया है।
थानाधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि ये आरोपी लंबे समय से तेल से भरे टैंकरों से तेल निकालकर अवैध रूप से बेचने का काम कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अर्जुनपुरा गढ़ी निवासी राकेश सिंह रावत, शेरगढ़, जोधपुर निवासी जितेंद्र नाई, कानावास, जोधपुर निवासी मनीराम विश्नोई, अर्जुनपुरा जागीर निवासी जयदीप सिंह रावत, और श्रीनगर (रास) निवासी रमेश सिंह उर्फ राजवीर रावत को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी ने बताया कि सभी आरोपितों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। पुलिस टीम अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी किया गया तेल कहां और किसे बेचा जा रहा था।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि लंबे समय से क्षेत्र में टैंकरों से तेल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं।