केरिया गांव के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में सिर्फ 3 शिक्षक, 196 छात्राओं ने स्कूल में की तालाबंदी, सड़क पर बैठकर जताया विरोध
भीलवाड़ा: शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही के खिलाफ भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र के केरिया गांव में छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को स्कूल में तालाबंदी कर दी।
विद्यालय में कुल 196 बालिकाओं का नामांकन है, लेकिन पढ़ाने के लिए मात्र 3 शिक्षक ही कार्यरत हैं। लंबे समय से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे नाराज छात्राओं ने स्कूल गेट पर ताला जड़ दिया।
स्थिति बिगड़ते ही लड़कियों ने सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि शिक्षक नहीं होने से पढ़ाई पूरी तरह ठप हो रही है। ग्रामीणों और छात्राओं ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा।