एलडीआईईटी कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बताया— पुलिस कभी वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी नहीं करती, साइबर अपराध की शिकायत 1930 पर करें
अलवर: लक्ष्मी देवी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (LDIET) में बुधवार को आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में अलवर ग्रामीण की सीओ (IPS) शिवानी शर्मा ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस या कोई सरकारी अधिकारी कभी वीडियो कॉल पर गिरफ्तार नहीं करता, ऐसे कॉल आने पर लोग ठगी के शिकार हो जाते हैं। उन्होंने छात्रों को चेताया कि अज्ञात नंबरों से आए लिंक या कॉल पर निजी जानकारी साझा न करें, और किसी भी संदिग्ध वेबसाइट की वैधता जांचे बिना भुगतान न करें।
सीओ शिवानी शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन फिशिंग, फेक ऑफर्स और लॉटरी स्कैम के मामलों में जागरूक रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की शिकायत तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में एसएचओ रमेश सैनी सहित कॉलेज संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में कॉलेज के निदेशक डॉ. राजेश भारद्वाज ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों को डिजिटल युग में सुरक्षित रहने की प्रेरणा देते हैं।