नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश बंसल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक और पंचायत समिति अध्यक्ष भी शामिल
रायसिंहनगर: जिले में अरोड़ वंश धर्मशाला में कांग्रेसियों द्वारा “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश बंसल के नेतृत्व में हुई और वरिष्ठ कांग्रेसी बलदेव बराड़ इसकी अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्य अतिथि के तौर पर क्षेत्रीय विधायक सोहनलाल नायक और पंचायत समिति अध्यक्ष पति वीरेंद्र गोदारा ने कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान नव नियुक्त नगर कांग्रेस अध्यक्ष रमेश बंसल को विधायक सोहनलाल नायक ने पद की शपथ दिलाई।
विधायक सोहनलाल नायक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की जन-विरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जनता में जागरूकता फैलाना और उनकी आवाज को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
पंचायत समिति अध्यक्ष वीरेंद्र गोदारा ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है और चुनाव में धांधली तथा सत्ता का दुरुपयोग जनता के भरोसे को कमजोर कर रहा है। इस अभियान के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और आम जनता ने हस्ताक्षर कर वर्तमान सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।