भारत ने रचा इतिहास — 339 रन का लक्ष्य किया चेज, विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगा भारत
नवी मुंबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 9 गेंद शेष रहते 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने विमेंस वनडे इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य 339 रन सफलतापूर्वक चेज किया और टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (89) और जेमिमा रोड्रिग्ज (127*) ने तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में अमनजोत कौर (15 नाबाद) ने चौका लगाकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान एलिसा हीली के जल्दी आउट होने के बाद फीबी लिचफील्ड (100) और एलिस पेरी (72) की मदद से 338 रन का विशाल स्कोर बनाया था।
भारत ने इस जीत से न केवल ऑस्ट्रेलिया की 15 मैचों की विनिंग स्ट्रीक तोड़ी, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार इतना बड़ा टारगेट चेज करने का रिकॉर्ड भी बनाया।
टीम इंडिया अब 2 नवंबर को साउथ अफ्रीका से फाइनल मुकाबला खेलेगी। साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रन से हराकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई है। भारत तीसरी बार खिताबी मुकाबले में पहुंचा है — इससे पहले टीम 2005 और 2017 में उपविजेता रही थी।