रामपुरा डाबला व बुधवाड़ा पंचायतों में ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे मिल रहीं 48 प्रकार की सरकारी सेवाएं, प्रशासक सीमा चौधरी ने सेठन में विस्फोटक डिपो बंद करने की रखी मांग
अजमेर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार की आमजन तक योजनाएं पहुंचाने की मुहिम के तहत रामपुरा डाबला और बुधवाड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों का उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर और प्रधान दिनेश नायक ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से अधिकाधिक भागीदारी निभाने की अपील की और कहा कि इन शिविरों के माध्यम से 16 विभागों द्वारा दी जा रही 48 प्रकार की सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है।
एसडीएम बड़गूजर और प्रधान नायक ने ग्रामीणों से कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्वास्थ्य जांच, दवाइयों का वितरण, पोषण योजनाएं, बीज किट वितरण, बीमा योजनाएं, मवेशियों से जुड़ी योजनाएं, राजस्व और बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही हो सके।
प्रशासक सीमा चौधरी ने इस अवसर पर शिविर प्रभारी तहसीलदार भागीरथ चौधरी को ज्ञापन सौंपते हुए सेठन में स्थित विस्फोटक डिपो को बंद करने की मांग की। उन्होंने बताया कि नियमानुसार विस्फोटक डिपो जंगल में एकांत स्थान पर होना चाहिए, लेकिन इसे कृषि भूमि में स्थापित किया गया है, जहां किसानों और ग्रामीणों की लगातार आवाजाही रहती है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
एसडीएम राजीव बड़गूजर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन से संवाद कायम रखें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें, जिससे शिविर की सार्थकता सिद्ध हो सके। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से निर्देश दिया कि क्षय रोगियों को निक्षय किट उपलब्ध कराएं और उनके उपचार का फॉलोअप सुनिश्चित करें।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने पट्टे, स्वामित्व प्रमाण पत्र, मिनी सीड्स किट और जॉब कार्ड वितरित किए, साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार भागीरथ चौधरी, विकास अधिकारी सोहनलाल डारा, प्रशासक सीमा चौधरी, जगदीश गुर्जर, अतिरिक्त विकास अधिकारी चंद्रनारायण चौधरी, गिरदावर संतोष मोलपुरिया, चिकित्साधिकारी सुरेंद्र कुमार चौधरी, सहायक कृषि अधिकारी महेंद्र चौधरी, जेईएन मनीष कुमार, पीईईओ मनीष अरोड़ा, ग्राम विकास अधिकारी मनीष जेसवानी, परमेश्वर गुर्जर, कैलाश मेघवंशी, पटवारी दिनेश ग्वाला, भंवराराम सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।