MANDI: कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

2 Min Read
हिमाचल प्रदेश के मंडी में कॉलेज जाते वक्त एख सरफिर ने 19 वर्षीय छात्रा का गला काट दिया

HIMACHAL PRADESH CRIME

सरकाघाट के गोपालपुर क्षेत्र में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। सोमवार सुबह कॉलेज जा रही छात्रा पर बीच सड़क पर आरोपी ने दराट से हमला कर गला काट दिया। घटना के कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी विकास उर्फ रिशु को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां से प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे घर लाया गया। मंगलवार सुबह गांव में नम आंखों के साथ सिया का अंतिम संस्कार किया गया।

सिया नैण गांव की रहने वाली थी और सरकाघाट कॉलेज में वोकेशनल कोर्स के दूसरे वर्ष की छात्रा थी। परिवार में माता-पिता और तीन बहनें हैं, जबकि पिता बद्दी में ट्रक चालक हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है और वारदात के बाद जंगल में छिप गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले छात्रा के बाजू पर हमला किया और फिर गले पर कई वार कर हत्या को अंजाम दिया। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस पूछताछ जारी है।

घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। भीड़ ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की और पुलिस थाने तक पहुंचकर उसे सौंपने की मांग उठाई। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया गया। इस बीच सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *