मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। तुरंत ही विमान को दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया और उसकी इमरजेंसी लैंडिंग इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर कराई गई। फिलहाल विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर खड़ा है और यात्रियों तथा क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उसकी जांच की जा रही है।

इससे पहले भी 22 अगस्त को ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब एयर इंडिया की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिली थी। वह फ्लाइट मुंबई से तिरुवनंतपुरम जा रही थी और हवाई अड्डे पर इमरजेंसी घोषित की गई थी।
एयर इंडिया ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि 14 अक्टूबर को मुंबई से न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI119 को एक विशेष सुरक्षा अलर्ट मिला था, जिसके बाद सरकार की सुरक्षा नियामक समिति के निर्देश पर इसे दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल पर मौजूद हैं।