जोधपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती आज जोधपुर में बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत आयोजित “रन फॉर यूनिटी” में जिलेभर से पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्किट हाउस से हुई, जहां पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। उन्होंने कहा, “सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।”
इस मौके पर आईजी राजेश मीणा, डीसीपी शाहीन सी, और ग्रामीण एसपी नारायण टोगस भी उपस्थित रहे। सर्किट हाउस परिसर में स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
“रन फॉर यूनिटी” में सैकड़ों पुलिसकर्मी, विद्यार्थी और आमजन शामिल हुए और सबने देश की एकता, अखंडता और समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं एडीसीपी नाजिम अली और सुनील के. पंवार की देखरेख में सुचारू रूप से संपन्न हुईं।
पूरा माहौल देशभक्ति और एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा। सरदार पटेल के आदर्शों को याद करते हुए जोधपुरवासियों ने आज का दिन राष्ट्रीय गर्व और एकजुटता के प्रतीक के रूप में मनाया।