पुष्कर मेला 2025: 22 अक्टूबर से 7 नवंबर तक, दीपावली से पहले पूरी तैयारी सुनिश्चित

By admin
3 Min Read

सुरक्षा, बिजली-पानी, और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों ने दिए कड़े निर्देश

पुष्कर: अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेला इस साल 22 अक्टूबर से 7 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को उपखंड कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता एडीएम सिटी गजेंद्र सिंह राठौर ने की और सभी विभागों को मेले की तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 30 अक्टूबर को मेला मैदान में पुष्कर मेले का झंडारोहण किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को दीपावली से पहले मेला स्थल की सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति के बारे में जानकारी ली गई और यह सुनिश्चित किया गया कि मेलार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा इंतजाम और सरोवर की तैयारी:

इस बार पवित्र सरोवर में पानी की मात्रा अधिक होने के कारण सिविल डिफेंस और गोताखोर लगाए जाएंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि घाटों पर ऐसे पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, जिन्हें तैरना आता हो। एडीएम सिटी ने नगर परिषद को निर्देश दिए कि सरोवर के चारों ओर लाल झंडियां और रस्सियां लगाई जाएं ताकि कोई हादसा न हो।

दीपावली पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश:

बैठक में बताया गया कि कस्बे के बाजारों और घाटों से अतिक्रमण हटाने, टूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत, आवारा जानवरों की पकड़ जैसी सभी तैयारियां दीपावली से पहले पूरी की जाएँ।

बिजली और पानी की व्यवस्था:

मेले में आने वाले पशुओं और पशुपालकों के लिए बिजली और पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विकास कुमार शर्मा (बिजली विभाग) और भोलाराम रावत (जलदाय विभाग) को निर्देश दिए गए।

टेंडर और वन-वे सिस्टम:

नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों ने मेले के लिए आवश्यक टेंडर जारी कर दिए हैं। भीड़ को देखते हुए चौदस की शाम से पूर्णिमा तक वन-वे सिस्टम लागू किया जाएगा। मेले में आने वाले वाहनों के पास चौदस की शाम 5 बजे तक ही मान्य होंगे।

बैठक में उपस्थित अधिकारी:

अतिरिक्त जिला कलेक्टर गजेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा, उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी, तहसीलदार इंद्रजीत सिंह चौहान, सीआई विक्रम सिंह राठौड़ के साथ पशुपालन, बिजली, पीडब्ल्यूडी, जलदाय विभाग और नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *