सुधांश पंत के रिलीव होते ही 17 नवंबर को संभालेंगे कार्यभार; RSMML व दिल्ली मुख्य आवासीय आयुक्त का अतिरिक्त चार्ज भी सौंपा गया
जयपुर: राज्य सरकार ने 1989 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी वी. श्रीनिवास को राजस्थान का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। कार्मिक विभाग ने रविवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए। सुधांश पंत के रिलीव होते ही श्रीनिवास सोमवार, 17 नवंबर को पदभार संभालेंगे।
सरकार ने उन्हें मुख्य सचिव के साथ राजस्थान राज्य माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (RSMML) के अध्यक्ष और मुख्य आवासीय आयुक्त दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। IAS अफसरों की वरिष्ठता सूची में श्रीनिवास, सुबोध अग्रवाल के बाद दूसरे नंबर पर हैं। 1988 बैच के अकेले IAS सुबोध अग्रवाल दिसंबर में सेवानिवृत्त होंगे, जो फिलहाल RFC के चेयरमैन हैं।
वी. श्रीनिवास सितंबर 2026 में रिटायर होंगे। ऐसे में उनके पास मुख्य सचिव के रूप में लगभग 10 महीने का कार्यकाल रहेगा। हालांकि सरकार के पास केंद्र से एक्सटेंशन लेने का विकल्प भी उपलब्ध है, जिसके तहत 6-6 महीने के दो कार्य विस्तार मिल सकते हैं।
वी. श्रीनिवास के 35 साल के प्रशासनिक करियर में लगभग आधा समय केंद्र सरकार में बीता है। वे करीब 17 साल डेपुटेशन पर रहे, जिनमें 14 वर्ष दिल्ली और 3 वर्ष IMF में शामिल हैं। उनका पहला सेंट्रल डेपुटेशन वर्ष 2000 में शुरू हुआ, जहां वे 5 जुलाई 2000 से 7 फरवरी 2001 तक पेट्रोलियम मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर रहे।
इसके अलावा श्रीनिवास पहले पाली और जोधपुर के कलेक्टर भी रह चुके हैं और प्रशासनिक सेवा में उनकी कार्यशैली को अत्यंत प्रभावी माना जाता है।