जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस को अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंप दी गई है। सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में अस्थमा अटैक से मौत की आशंका जताई गई है। माना जा रहा है कि साध्वी की मौत सांस रुकने से हुई, हालांकि आधिकारिक पुष्टि रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जहर देने की अटकलों पर विराम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया था। विसरा जांच के लिए सैंपल एफएसएल भेजे गए थे। पोस्टमार्टम महात्मा गांधी अस्पताल में हुआ था। करीब 11 दिन बाद आई एफएसएल रिपोर्ट में किसी भी प्रकार के जहर की पुष्टि नहीं हुई। शरीर में अप्राकृतिक कारणों के संकेत भी नहीं मिले, जिसके बाद जहर दिए जाने की अटकलों पर विराम लग गया।
28 जनवरी को क्या हुआ था?
28 जनवरी को पाल गांव स्थित आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। 29 जनवरी को पिता की ओर से मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद जांच तेज कर दी गई थी।
SIT की जांच में क्या सामने आया?
हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने आश्रम के सीसीटीवी फुटेज और वहां मौजूद लोगों के बयानों की गहन जांच की। शुरुआती जांच में किसी बाहरी हस्तक्षेप या साजिश के सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस अंतिम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।