जालौर: जिले की बागोड़ा ग्राम पंचायत में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही कई कार्यों का निपटारा किया।
शिविर का निरीक्षण क्षेत्रीय विधायक समरजीत सिंह राठौड़ ने किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अलग-अलग योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ पहुँचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा तैयार किए गए पट्टों का वितरण विधायक राठौड़ के हाथों किया गया, जिससे ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।
ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व, कृषि, पशुपालन, विद्युत, चिकित्सा और शिक्षा विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉल्स पर ग्रामीणों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं।
कार्यक्रम में शिविर प्रभारी अंकित जिनगर, सरपंच सुंकी कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।