एशिया कप 2025 में बनाए 314 रन, प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी जीता; महिला वर्ग में स्मृति मंधाना रहीं विजेता
भारतीय टीम के युवा लेफ्टहैंड बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को शानदार प्रदर्शन के लिए आईसीसी सितंबर प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। पिछले महीने खेले गए टी-20 एशिया कप 2025 में उन्होंने भारत को लगातार तेज और मजबूत शुरुआत दिलाते हुए अपनी अहम भूमिका निभाई थी। अभिषेक ने टूर्नामेंट में 314 रन बनाए और अपने दमदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीता था।
अभिषेक इस समय टी-20 क्रिकेट के नंबर-1 बल्लेबाज हैं। उन्होंने आईसीसी टी-20 रैंकिंग में 931 पॉइंट्स हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के डेविड मलान के नाम था, जिन्होंने 2020 में 919 पॉइंट्स अर्जित किए थे। भारत की ओर से उनसे पहले सिर्फ सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ही 900 से अधिक पॉइंट्स तक पहुंचे थे।
अब तक अभिषेक शर्मा ने टी-20 इंटरनेशनल में 24 मैचों में 849 रन बनाए हैं, जिनमें 5 अर्धशतक और 2 शतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 196.07 है। उन्होंने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से ट्रैविस हेड के साथ ओपनिंग करते हैं।
अभिषेक शर्मा जल्द ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी मैदान पर उतरेंगे। यह सीरीज 29 अक्टूबर से 8 नवंबर तक खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत कैनबेरा के मनुका ओवल से होगी और समापन ब्रिसबेन के द गाबा स्टेडियम में होगा।