जयपुर: सुभाष चौक क्षेत्र में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। पन्नी गरान मोहल्ले स्थित निर्माणाधीन मल्टी स्टोरी बिल्डिंग की दीवार अचानक गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
सूचना मिलते ही सुभाष चौक थाना पुलिस और सिविल डिफेंस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक एक मजदूर को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है, जिसे इलाज के लिए SMS हॉस्पिटल भेजा गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
ACP (माणकचौक) प्रियांश कविया ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ, जब बिल्डिंग के बेसमेंट में काम चल रहा था। अचानक दीवार और छत का हिस्सा ढह गया, जिससे तीन मजदूर मलबे में दब गए। एक मजदूर का शव निकाल लिया गया है, जबकि दो अन्य को निकालने का प्रयास जारी है।
SHO (सुभाष चौक) किशन कुमार यादव ने बताया कि पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर हैं। मलबा हटाने का कार्य जारी है। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।