बीए द्वितीय वर्ष के छात्र वकार ने झगड़ा रोकने की कोशिश की, एक युवक ने बर्फ तोड़ने वाले छुरे से सीने पर वार कर दी जान — पुलिस ने जांच शुरू की
अलवर: जिले के गोविंदगढ़ में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब रेलवे फाटक के पास लगे ट्रेड फेयर (मेले) में दो गुटों के बीच हुए झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक कॉलेज छात्र की छुरा घोंपकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान वकार (खेड़ी बहादुर गांव निवासी) के रूप में हुई है, जो जालूकी कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था।
सूत्रों के अनुसार, वकार बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ मेला देखने गया था। इस दौरान दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। वकार ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तभी एक युवक ने पास की दुकान से बर्फ तोड़ने वाला छुरा उठाकर उसके सीने में वार कर दिया।
लहूलुहान वकार को तुरंत गोविंदगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी कैलाश जिंदल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।