बालोतरा: प्रदेश में आयोजित “शहरी सेवा शिविर 2025” आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बनते जा रहे हैं। प्रभारी मंत्री श्री जारोराम कुमावत एवं किसान आयोग अध्यक्ष सी. आर. चौधरी ने नगर परिषद बालोतरा के वार्ड संख्या 11, 12 और 13 में आयोजित शिविरों का अवलोकन कर जनता से संवाद स्थापित किया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का हाथों-हाथ लाभ प्रदान किया। नगर परिषद द्वारा आर्यवीर समाज मैदान में आयोजित इन शिविरों में श्री कुमावत ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभागों द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को आमजन को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने आमजन की समस्याओं को सुना और मौके पर ही स्ट्रीट लाइट, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जनाधार, सफाई और आवारा पशु संबंधित प्रकरणों का निस्तारण करने के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और जिला प्रशासन एवं नगरीय निकायों की सक्रिय भागीदारी से शिविरों को और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही, ई-मित्र द्वारा निर्धारित दर से अधिक राशि वसूल करने की शिकायत पर उन्होंने तुरंत लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी दिए।
शिविर में पीएम आवास योजना (2.0) के तहत 11 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से 50 हजार की प्रथम किस्त के चैक, 11 लाभार्थियों को पट्टे, 4 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री मातृ पोषण योजना और 8 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभान्वित करते हुए चैक वितरित किए गए। इस अवसर पर सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत मोदी, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।