चित्तौड़गढ़ में एडवोकेट के सूने घर से 82 लाख की चोरी, परिवार अस्पताल में था भर्ती

By admin
2 Min Read

चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और नकद उड़ाए, पुलिस ने साइबर और एमओबी टीमों के साथ शुरू की जांच

चित्तौड़गढ़: शहर के विद्युत नगर कॉलोनी में शुक्रवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। एडवोकेट विजय चोपड़ा के घर से चोरों ने करीब 82 लाख रुपए का माल उड़ा लिया, जिसमें लगभग 65 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और 15 लाख रुपए नकद शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना उस वक्त हुई जब एडवोकेट चोपड़ा की तबीयत खराब होने के चलते पूरा परिवार उदयपुर के निजी अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारियों के लॉक तोड़े और सारा कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले एडवोकेट के बेटे रोमिल चोपड़ा घर आए थे और कुछ नकदी घर में रखकर लौट गए थे। शुक्रवार रात उनके दोस्त गौरव खेरोडिया ने देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ है और लाइट जल रही है। सूचना मिलते ही परिवार चित्तौड़गढ़ लौटा तो घर बिखरा पड़ा था और अलमारियाँ टूटी हुई मिलीं।

घटना की सूचना पर डीएसपी विनय चौधरी, थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह और पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे। साइबर सेल और एमओबी टीमों को जांच में लगाया गया है, जो फिंगरप्रिंट, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज से सुराग जुटा रही हैं।

पुलिस को संदेह है कि चोरों को परिवार के बाहर होने की जानकारी पहले से थी और उन्होंने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *