अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर राजस्थान स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी ने मंगलवार को ओटीएस स्थित भगवत सिंह मेहता सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के रेड रिबन क्लब सदस्यों, सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन का शुभारंभ हुआ। नुक्कड़ नाटक और अन्य रोचक प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
परियोजना निदेशक शाहीन अली खान ने कहा कि युवाओं को सही मार्गदर्शन देने और एचआईवी/एड्स की जानकारी पहुंचाने के लिए दो माह का यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जांच और परामर्श की सुविधा, कैंप, फ्लैश मॉब, रैली, डोर-टू-डोर अभियान, महाविद्यालयों में जागरूकता सत्र, ग्राम स्तर पर बैठकें, कला जत्था गतिविधियां, सोशल मीडिया पर संदेश और अस्पतालों में विशेष कैंप आयोजित होंगे।
संयुक्त निदेशक आईईसी डॉ. प्रदीप चौधरी ने बताया कि राज्य में 755 रेड रिबन क्लबों के माध्यम से महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को एचआईवी और यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य की जानकारी दी जा रही है। सोशल मीडिया के जरिए भी युवाओं तक सही जानकारी पहुंचाई जा रही है। इच्छुक व्यक्ति गूगल प्ले स्टोर से “नाको एड्स” एप डाउनलोड कर सकते हैं या राष्ट्रीय एड्स हेल्पलाइन 1097 पर कॉल कर सकते हैं।
संयुक्त निदेशक टीआई सुनील कुमार ने कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है और इसका योगदान तभी सार्थक होगा जब युवा निरोगी रहेंगे। उन्हें नशे के इंजेक्शन और असुरक्षित शारीरिक संपर्क से होने वाले संक्रमणों से बचाव की जानकारी होनी चाहिए।