बूंदी: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को बूंदी दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय भारत सिंह कुंदनपुर को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें “ईमानदार व समर्पित जनसेवक” बताया। गहलोत ने कहा कि उनके निधन से कांग्रेस परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।
मीडिया से बातचीत में गहलोत ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और जनता की सुनवाई कहीं नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर जनता के अधिकारों पर प्रहार किया है।
गहलोत ने कहा, “हमारी सरकार ने जनता के लिए जनहितकारी योजनाएं शुरू की थीं, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें बंद कर रही है। यह जनता के साथ अन्याय है।”
इस मौके पर विधायक शांति धारीवाल, हरिमोहन शर्मा, सत्येश शर्मा, रामकरण मीणा, टीकम जैन, निशांत नुवाल और मनवीर सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे।