तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में हुए रेल हादसे के बाद दक्षिण रेलवे ने दो ट्रेनों को रद्द कर दिया है और आठ ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है। यह हादसा चेन्नई डिवीजन के पोन्नेरी-कवराईपेट्टई रेलवे स्टेशन (चेन्नई से 46 किमी दूर) के बीच हुआ, जब मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस मुख्य लाइन की बजाय लूप लाइन में चली गई और वहां पहले से खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। इस टक्कर के बाद दरभंगा एक्सप्रेस के 12-13 डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन 19 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन यात्री आईसीयू में भर्ती हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम जारी है। दक्षिण रेलवे ने यात्रियों के लिए हेल्पलाइन डेस्क स्थापित की है और अलग-अलग स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिनसे जानकारी प्राप्त की जा सकती है। हादसे में फंसे यात्रियों को लेकर एक दूसरी ट्रेन तिरुवल्लूर से दरभंगा के लिए रवाना कर दी गई है। रेल हादसा
हर डिवीजन के लिए हेल्पलाइन नंबर
| डिवीजन | हेल्पलाइन नंबर |
| चेन्नई | 04425354151, 04424354995 |
| समस्तीपुर | 8102918840 |
| दरभंगा | 8210335395 |
| दानापुर | 9031069105 |
| डीडीयू जंक्शन | 7525039558 |
रद्द की गई ट्रेनें:
दक्षिण रेलवे के अनुसार, हादसे के कारण 12 अक्टूबर 2024 को सुबह 07.25 बजे रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 12077 डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-विजयवाड़ा जन शताब्दी एक्सप्रेस और 12 अक्टूबर 2024 को 15.30 बजे रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 12078 विजयवाड़ा-डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल जन शताब्दी एक्सप्रेस पूरी तरह से रद्द कर दी गई हैं।
रूट बदलने वाली ट्रेनें:
- ट्रेन संख्या 12641 कन्याकुमारी-निजामुद्दीन तिरुक्कुरल एक्सप्रेस, जो 11 अक्टूबर 19.10 बजे रवाना हुई, अब चेन्नई सेंट्रल, अरक्कोनम और रेनीगुंटा के रास्ते चलेगी।
- ट्रेन संख्या 16093 डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस, जो 12 अक्टूबर को 05.15 बजे रवाना होगी, अब अरक्कोनम, रेनीगुंटा और गुडूर के बदले हुए मार्ग से चलेगी।
- ट्रेन संख्या 12611 डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-निजामुद्दीन गरीबरथ एक्सप्रेस, जो 12 अक्टूबर को 06.00 बजे रवाना होगी, इसी बदल मार्ग से चलेगी।
- ट्रेन संख्या 12655 अहमदाबाद-डॉ. एमजीआर चेन्नई नवजीवन एक्सप्रेस, जो 10 अक्टूबर को 21.25 बजे रवाना हुई थी, अब गुडूर, रेनीगुंटा और अराकोनम के रास्ते चलेगी, और सुलुरुपेटा में नहीं रुकेगी।
- ट्रेन संख्या 22644 पटना-एर्नाकुलम एक्सप्रेस, जो 10 अक्टूबर 2024 को 14.00 बजे पटना से चली थी, अब गुडूर, रेनीगुंटा और मेलपक्कम के रास्ते चलेगी और पेरम्बूर में नहीं रुकेगी।