दिल्ली एयरपोर्ट पर SWISS फ्लाइट के इंजन में खराबी, 6 यात्री घायल, बड़ा हादसा टला

2 Min Read

ज्यूरिख जा रही SWISS फ्लाइट LX147 को रनवे पर ही रोका गया, इमरजेंसी निकासी के दौरान मची अफरा-तफरी

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा टल गया। SWISS International Air Lines की दिल्ली से ज्यूरिख जा रही फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद विमान को अचानक रोकना पड़ा। एयरलाइन के आधिकारिक बयान के मुताबिक, इमरजेंसी निकासी के दौरान छह यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट LX147 रनवे 28 पर करीब 1 बजे टेकऑफ के लिए तेज रफ्तार पकड़ रही थी, तभी एक इंजन में गड़बड़ी आ गई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोकने का निर्णय लिया। यह विमान Airbus A330 था, जिसमें कुल 232 यात्री सवार थे, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल थे। सुरक्षा के मद्देनज़र सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। इमरजेंसी स्लाइड से उतरते समय छह यात्री घायल हो गए। एयरलाइन के अनुसार, सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। कुछ यात्रियों को स्लाइड से उतरने में दिक्कत हुई, ऐसे में उनके लिए सीढ़ियों की भी व्यवस्था की गई।

एयरलाइन ने क्या कहा?
एयरलाइन ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। तकनीकी टीम को दिल्ली भेजा जा रहा है, जो विमान की जांच कर आगे की कार्रवाई तय करेगी। साथ ही, यात्रियों के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है। जिन यात्रियों को तुरंत फ्लाइट नहीं मिल सकी, उनके लिए होटल में ठहरने की सुविधा दी गई है। एयरलाइन की स्थानीय टीम लगातार यात्रियों की मदद में जुटी हुई है और सभी को संपर्क कार्ड भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर सहायता मिल सके।

एयरलाइन ने माना कि यह स्थिति यात्रियों के लिए काफी तनावपूर्ण थी और उनकी सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *