Patna: बागेश्वर बाबा और तेज प्रताप यादव की वीडियो कॉल पर बात, पूछा राजनीतिक भविष्य

2 Min Read

Tej Pratap Yadav एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनकी चर्चा की वजह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो है, जिसमें वे बागेश्वर बाबा से अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव वीडियो कॉल पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर से कहते हैं—“बाबा, मेरा थोड़ा राजनीतिक देख लीजिएगा… राजनीतिक भविष्य।” इस पर धीरेंद्र शास्त्री जवाब देते हैं कि जब वे उनसे मिलेंगे तो विस्तार से इस पर चर्चा करेंगे। इस बातचीत के बाद यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया है।

पहले कर चुके हैं कड़ा विरोध
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि मई 2023 में जब बागेश्वर धाम सरकार का कार्यक्रम पटना के नौबतपुर में प्रस्तावित था, तब तेज प्रताप यादव ने इसका खुलकर विरोध किया था। उस दौरान उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को लेकर कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था और उनके कार्यक्रम पर आपत्ति जताई थी।

बदलता रुख बना चर्चा का विषय
अब उसी शख्स से अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर सलाह मांगने पर तेज प्रताप यादव का यह बदला हुआ रुख राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

धार्मिक गतिविधियों की ओर बढ़ा झुकाव
हाल के समय में तेज प्रताप यादव का झुकाव धार्मिक गतिविधियों की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। वे अक्सर भगवान कृष्ण और भगवान शिव के रूप में अपनी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। साथ ही उन्होंने ‘संत तेज प्रताप यादव’ नाम से एक पेज भी बनाया है, जहां वे आध्यात्मिक विचार और प्रवचन साझा करते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर तेज प्रताप यादव को चर्चा के केंद्र में ला दिया है, और उनके इस नए रुख को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *