NEET PG 2026 Exam: NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को पुनः परीक्षा कराने का फैसला किया है।
जयपुर में बिजली गुल होने से NEET PG परीक्षा प्रभावित
जयपुर में NEET PG 2026 परीक्षा के दौरान बड़ी अव्यवस्था सामने आई। सीतापुरा स्थित iON Digital Zone IDZ के TC नंबर 41682 और 41683 पर आंतरिक बिजली आपूर्ति में समस्या के कारण अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। बिजली जाने के बाद कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए और परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई। सिस्टम दोबारा शुरू करने की कोशिश की गई, लेकिन समस्या दूर नहीं होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी।
5 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। बोर्ड के अनुसार, इन केंद्रों पर आवंटित अभ्यर्थियों की परीक्षा अब 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे जयपुर में आयोजित होगी।
दोबारा परीक्षा के लिए नया/संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी NBEMS की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
2.73 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने कराया था रजिस्ट्रेशन
NBEMS के मुताबिक, 30 अगस्त 2026 को NEET PG 2026 परीक्षा देशभर में 1,111 केंद्रों और 340 से अधिक शहरों में आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 2,73,096 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि करीब 2,63,535 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी हो सकी।