पार्वती नदी के पास टकरिया ढाणी में मिला युवक का शव, हाथ में काला धागा और पैरों में बंधी रस्सी से पहचान में जुटी पुलिस
किशनगंज: जिले के किशनगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। टकरिया ढाणी के पास पार्वती नदी में एक युवक का बिना सिर और नग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने जब नदी किनारे शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची किशनगंज पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर बारां जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
शव की पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस को मृतक के दाहिने हाथ में बंधा काला धागा और दोनों पैरों में बंधी रस्सी मिली है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया हो सकता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और आसपास के इलाकों में लापता युवकों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस वारदात से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है।